उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में जनपद में संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मंत्री मनोज पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की मंशा है कि विकास और जनकल्याण की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए सभी विभाग संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियां एवं लोककल्याणकारी कार्यक्रम गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं तथा वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाना सुनिश्चित करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में मंत्री ने सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, राजस्व, ग्राम्य विकास, नगरीय विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
बैठक में सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, माधौगढ़ विधायक मूलचंद्र निरंजन, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।







Leave a comment