उरई। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित घर वापसी सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने उरई रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रेलवे और परिवहन विभाग के अधिकारियों से अभ्यर्थियों की संख्या, ट्रेनों एवं बसों की उपलब्धता तथा यातायात प्रबंधन की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के एक साथ पहुंचने की स्थिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी यात्रियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन की इस सक्रियता से परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने में मदद मिली।





Leave a comment