उरई। जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन (डीसीए) द्वारा पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित क्रिकेट समर कैंप एवं कोचिंग वर्कशॉप-2026 का मंगलवार को पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर खिलाड़ियों के कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कैंपों से खिलाड़ियों को खेल की नई तकनीकों, अनुशासन, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट की बारीकियों को सीखने का अवसर मिलता है, जिससे उनके प्रदर्शन में निरंतर सुधार होता है। उन्होंने खिलाड़ियों से समर्पण और लगन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
एसपी विनय कुमार सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव के प्रथम कोच कपिल पांडे की सराहना करते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ जिले के खिलाड़ियों को मिलना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए जिला क्रिकेट एसोसिएशन जालौन की भी प्रशंसा की।
इस अवसर पर यूपीसीए के निदेशक एवं डीसीए जालौन के संस्थापक श्याम बाबू ने पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया तथा खिलाड़ियों के विकास के लिए संचालित कार्यक्रमों और आगामी क्रिकेट आयोजनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोचिंग वर्कशॉप में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके प्रशिक्षक अब पुलिस लाइन क्रिकेट अकादमी में खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देंगे।
कार्यक्रम में डीसीए जालौन के सचिव विकास कुमार शर्मा, संयुक्त सचिव विनय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष सुरेश निरंजन, मुख्य कोच कपिल पांडे, कोच कमल सैनी, राजकुमार, आशीष कुमार, सागर यादव, ओमवीर, ग्राउंड्समैन रिक्की सिंह सहित डीसीए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
समर कैंप में खिलाड़ियों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी, फील्डिंग, फिटनेस और आधुनिक क्रिकेट तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे जिले की युवा प्रतिभाओं को अपने खेल को निखारने का बेहतर अवसर मिल रहा है।





Leave a comment