उरई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन को अधिक पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने के लिए जनपद जालौन में महत्वपूर्ण पहल की गई है। योजना के अंतर्गत वर्ष 2024 का सर्वेक्षण कार्य जिले की सभी 574 ग्राम पंचायतों में पूरा कर लिया गया है। अब ग्राम सभा स्तर पर खुली बैठकों के माध्यम से स्थायी पात्रता सूची तैयार की जाएगी।

परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी ने बताया कि सर्वेक्षण के आधार पर तैयार की गई पात्रता सूची का सार्वजनिक परीक्षण करने के लिए ग्राम सभाओं की खुली बैठकों का आयोजन 20 जून 2026 से निर्धारित रोस्टर के अनुसार किया जाएगा। इन बैठकों में ग्रामीणों द्वारा प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर भी विचार किया जाएगा, जिससे पात्र लाभार्थियों का चयन निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि ग्राम सभा बैठकों की तिथि और अन्य आवश्यक जानकारी संबंधित विकास खंड कार्यालयों तथा ग्राम पंचायत सचिवालयों में उपलब्ध रहेगी। ग्रामीण अपनी ग्राम पंचायत के सचिवालय में जाकर पात्रता सूची का अवलोकन कर सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या आपत्ति हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पक्ष रख सकते हैं।

अखिलेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और जनसहभागिता आधारित बनाया गया है।

उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे ग्राम सभाओं की खुली बैठकों में सक्रिय रूप से भाग लें और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि प्रत्येक जरूरतमंद परिवार के पक्के मकान का सपना साकार हो सके।

Leave a comment