कालपी/उरई। कालपी क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक 25 वर्षीय युवक का शव खेत में पेड़ से फंदे पर लटका मिला। युवक अपनी ससुराल आया हुआ था और संदिग्ध परिस्थितियों में उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार कदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ा गांव निवासी धर्मेंद्र निषाद (25) अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए कालपी क्षेत्र के ग्राम रामायण दिवारा स्थित ससुराल आया था। शुक्रवार सुबह वह घर से निकला और कुछ देर बाद गांव के बाहर खेत में स्थित एक पेड़ पर उसका शव रस्सी के फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही ससुराल पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। युवक की मौत की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह भदौरिया एवं उपनिरीक्षक उपेंद्र शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि धर्मेंद्र की शादी लगभग दो वर्ष पूर्व रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।




Leave a comment