जालौन-उरई। कोतवाली जालौन पुलिस और एसओजी सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास कर रहे आरोपी को जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटेलाल उर्फ लादेन पुत्र कमलेश निवासी ग्राम चुर्खी, थाना चुर्खी, जनपद जालौन के रूप में हुई है। वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बताया गया कि पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की सूचना मिली थी, जिसके बाद कोतवाली जालौन पुलिस एवं एसओजी सर्विलांस टीम ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार छोटेलाल उर्फ लादेन के खिलाफ लूट, वाहन चोरी, अवैध शस्त्र रखने समेत विभिन्न संगीन धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह क्षेत्र का सक्रिय अपराधी माना जाता है और लंबे समय से वांछित चल रहा था।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से अवैध हथियार एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है तथा उसके आपराधिक नेटवर्क और आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने इस कार्रवाई को जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता बताया है।






Leave a comment