चोरी की योजना बनाते दो युवक अवैध तमंचे व उपकरणों सहित गिरफ्तार

उरई । जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नदीगांव पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की योजना बनाते हुए दो युवकों को अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी में प्रयुक्त होने वाले उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक जालौन के पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत शनिवार को थाना नदीगांव पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो व्यक्तियों को पकड़ लिया, जो कथित रूप से चोरी की योजना बना रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनय शर्मा उर्फ सौरभ शर्मा (30 वर्ष) तथा रिंकू शर्मा (35 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम लोहई, थाना नदीगांव, जनपद जालौन के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक लोहे का सब्बल, चाकू, कटर और प्लास बरामद किए गए। पुलिस का मानना है कि इन उपकरणों का उपयोग चोरी की घटनाओं को अंजाम देने में किया जाना था।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना नदीगांव में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी आसपास के जनपदों और थानों से जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a comment