प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान, लगाया पौधा

उरई। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार ने शनिवार को नगर के नया पटेल नगर वार्ड का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मियों के साथ श्रमदान करते हुए झाड़ू लगाई और वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने वार्ड की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था देखी। उन्होंने सफाई कर्मियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल सरकारी कार्यक्रम न मानकर जनभागीदारी का अभियान बनाया जाना चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नगर को स्वच्छ बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से भी अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने और स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

इस अवसर पर उन्होंने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता श्रमदान किया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए तथा उनकी देखभाल भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे अभियानों में जनप्रतिनिधियों, प्रशासन और आमजन की सहभागिता से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक प्रतिनिधि आशु चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, नगर पालिका उरई के अधिशासी अधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a comment