रेंढर (जालौन)। थाना रेंढर परिसर में नागरिक-पुलिस एवं पत्रकारों की एक सामान्य गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र की कानून व्यवस्था, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। गोष्ठी की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनेंद्र सिंह चौहान ने की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के महत्वपूर्ण अंग हैं। दोनों के बीच बेहतर समन्वय से कानून व्यवस्था को मजबूत करने और जनता की समस्याओं के समाधान में सहायता मिलती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
बैठक में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रमाशंकर सिंह कटियार, उपनिरीक्षक नंदकिशोर यादव सहित थाना स्टाफ उपस्थित रहा। वहीं क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकारों ने भी भाग लेकर स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाया।
कार्यक्रम में जेएनपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं सिंचाई बंधु अध्यक्ष महेश चंद्र पांडेय, ग्राम प्रधान के.के. रजक तथा अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर अपने सुझाव रखे, जिन पर पुलिस प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य पुलिस, पत्रकारों और आम नागरिकों के बीच संवाद तथा समन्वय को मजबूत बनाना था। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




Leave a comment