जालौन। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह डीसीएम और डंपर की आमने-सामने टक्कर में कई मजदूर घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 8 बजे जनपद अलीगढ़ से मजदूरों को लेकर एक डीसीएम महोबा की ओर जा रही थी, जबकि मौरंग से लदा एक डंपर उरई से इटावा की तरफ जा रहा था। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 208.5 के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।

हादसे में डीसीएम में सवार कई मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन मजदूरों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल उरई रेफर कर दिया गया।

प्रशासन के अनुसार दुर्घटना के बाद यातायात प्रभावित नहीं हुआ और एक्सप्रेस-वे पर आवागमन सामान्य रूप से जारी है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Leave a comment