उरई। शहर के तुलसीधाम क्षेत्र में डॉ. के.के. गुप्ता के आवास के निकट दो विद्युत खंभे पिछले करीब एक सप्ताह से जमीन पर टूटे पड़े हैं। स्थानीय नागरिकों ने इस संबंध में विद्युत विभाग को शिकायत देकर तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि टूटे हुए खंभों में अभी भी विद्युत आपूर्ति जारी है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों तथा आसपास रहने वाले नागरिकों में दुर्घटना की आशंका को लेकर भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि यदि समय रहते खंभों को ठीक नहीं कराया गया तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने विभाग से तत्काल क्षतिग्रस्त खंभों को बदलने तथा क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं डॉ. के.के. गुप्ता और डॉ. अशोक अग्रवाल ने कहा कि जनहित और सुरक्षा को देखते हुए विद्युत विभाग को इस मामले में शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि संभावित खतरे को टाला जा सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी दुर्घटना की स्थिति में इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।




Leave a comment