उरई। सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने रविवार को ग्राम औंता से कारें बाबा तक प्रस्तावित संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। लगभग तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग का निर्माण 2 करोड़ 22 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और जनसेवा के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है तथा सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि संपर्क मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर संपर्क व्यवस्था का लाभ प्राप्त होगा। साथ ही धार्मिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कारें बाबा स्थल तक पहुंच भी सुगम हो सकेगी।
कार्यक्रम में पूर्व जिला महामंत्री सिंह हसनपुर, पूर्व जिला उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, समरजीत पाल, जितेंद्र अटारिया, रामू गुप्ता, उमेश तिवारी सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





Leave a comment