सावन में शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने से हड़कंप, पुलिस ने कराया नया शिवलिंग स्थापित

अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जांच शुरू; पुलिस की तत्परता से टला तनाव

कुठौंदा-उरई। सावन के महीने में शनिवार सुबह हसूपुरा गांव में खेत के किनारे स्थापित शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और नाराजगी बढ़ने लगी। सूचना मिलते ही रेंढर पुलिस मौके पर पहुंची और समय रहते स्थिति संभालते हुए मामले को तूल पकड़ने से रोक दिया।

हसूपुरा निवासी शिवसिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने अपने खेत के किनारे शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा कराई थी। शनिवार सुबह शिवलिंग क्षतिग्रस्त मिलने की जानकारी होने पर उन्होंने रेंढर थाने पहुंचकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी।

सूचना पर थाना प्रभारी अभिनेंद्र सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और सभी से संयम बनाए रखने की अपील की। एसआई नंद किशोर यादव समेत पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर स्थिति सामान्य कराई। विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री राघवेंद्र दोहोलिया भी मौके पर पहुंचे।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल नया शिवलिंग मंगवाकर विधि-विधान से उसकी स्थापना कराई। पुलिस की इस पहल से ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ और गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस शिवलिंग क्षतिग्रस्त करने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के पीछे की मंशा का पता लगाने में जुटी है।

थाना प्रभारी अभिनेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। गांव में स्थिति पूरी तरह शांत है और किसी को भी माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

इस दौरान एसआई नंद किशोर यादव, नरेंद्र पटेल, रविंद्र दीवान, ऋषि गौतम, अश्विनी कुमार तथा विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री राघवेंद्र दोहोलिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a comment