करमचंद्रपुर गौशाला का औचक निरीक्षण, सचिव को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
उरई। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले की गौशालाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज अवस्थी ने शनिवार को करमचंद्रपुर स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने गौवंशों के स्वास्थ्य, चारा-पानी, साफ-सफाई और रखरखाव की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में हरा चारा, चुनी और भूसा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला। डॉ. अवस्थी ने गौशाला प्रबंधन को निर्देशित किया कि गौवंशों को निर्धारित मानक के अनुसार चारा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें पर्याप्त पोषण मिल सके।
गौशाला परिसर के कुछ हिस्सों में जलभराव मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी ने गौशाला सचिव को तत्काल जलभराव की समस्या दूर कराने तथा पूरे परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डॉ. अवस्थी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं में गौवंशों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए गौशालाओं का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. मनोज अवस्थी, डॉ. शरद कुमार सहित ग्रामीण मौजूद रहे।







Leave a comment