जनेश्वर मिश्र की जयंती पर लखनऊ में जुटे जालौन के हजारों ब्राह्मण

:

जिला पंचायत सदस्य रामेन्द्र त्रिपाठी के नेतृत्व में सम्मेलन में पहुंचा प्रतिनिधिमंडल, सामाजिक एकता और राजनीतिक भागीदारी पर जोर

लखनऊ। समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में जालौन जनपद से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग पहुंचे। जालौन से पहुंचे लोगों का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य रामेन्द्र त्रिपाठी ने किया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी से सम्मेलन में जालौन की प्रभावी भागीदारी दर्ज हुई।

सम्मेलन के संयोजक बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय रहे। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों ने सामाजिक एकता, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर रामेन्द्र त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। सम्मेलन में मौजूद लोगों ने वर्ष 2027 में अखिलेश यादव के पुनः उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने की शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।

वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन समाजवादी विचारधारा, लोकतंत्र, सामाजिक समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष को समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाजवादी आंदोलन को दिशा देने का काम कर रहे हैं।

सम्मेलन में पूर्व मंत्री ब्रह्मा शंकर त्रिपाठी, पूर्व मंत्री पवन पाण्डे तथा पूर्व विधायक संतोष पांडेय सहित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

जालौन से सम्मेलन में शामिल लोगों ने कहा कि आने वाले समय में सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समाज अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजवादी नेता, कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a comment