तीन माह में हुनर सीखकर आत्मनिर्भर बनने का अवसर, प्रशिक्षण के बाद बाजार से जोड़ने की भी तैयारी
उरई। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्राम करसान में सोमवार को शक्ति फाउंडेशन द्वारा सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ किया गया। केंद्र का उद्घाटन सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष शीतल सेंगर सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और ग्रामीण मौजूद रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत गांव की 30 महिलाओं को तीन माह तक प्रतिदिन तीन घंटे सिलाई का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को सिलाई के साथ कपड़ों की कटिंग, डिजाइनिंग और अन्य व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी दी जाएगी, ताकि प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे घर से ही सिलाई का काम शुरू कर आय का साधन विकसित कर सकें। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी रूबी सैनी को दी गई है।
उद्घाटन अवसर पर विधायक गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास बेहद जरूरी है। ग्रामीण महिलाओं को घर के आसपास ही प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होने से वे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं से पूरी लगन के साथ प्रशिक्षण लेने तथा सरकार की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
भाजपा नगर अध्यक्ष शीतल सेंगर ने कहा कि सिलाई जैसे रोजगारपरक प्रशिक्षण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। महिलाएं अपने हुनर का उपयोग कर घर से ही आय अर्जित कर सकती हैं। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र शुरू करने के लिए शक्ति फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की।
कार्यक्रम का प्रबंधन देख रहे रोहित त्रिपाठी ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल महिलाओं को सिलाई सिखाना नहीं, बल्कि उन्हें स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाना है। तीन माह के प्रशिक्षण में नियमित एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद महिलाओं को प्रमुख दुकानदारों से जोड़कर शहरों में उनके उत्पादों की मार्केटिंग की व्यवस्था से भी जोड़ा जाएगा, जिससे वे अपना स्वरोजगार शुरू कर सकें।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और अपने हुनर को रोजगार में बदलने के लिए प्रेरित किया। महिलाओं ने अतिथियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।







Leave a comment