धनौरा, धन्तोली और हरदोई गूजर में जनसभा कर केंद्र सरकार की नीतियों पर साधा निशाना

उरई। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के देशव्यापी आह्वान ‘बदलाव जरूरी है’ के तहत मंगलवार को ग्राम धनौरा, धन्तोली और हरदोई गूजर में पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा के बाद बस स्टैंड पर जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम जनता से बदलाव के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।

सभा को शिक्षक नेता कामरेड गिरिन्द सिंह कुशवाहा, कामरेड विनय पाठक, कामरेड देवेश चौरसिया एवं कामरेड विजय सिंह राठौर ने संबोधित किया।

वक्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण किसान, मजदूर, महिलाएं, छात्र और आम जनता पर आर्थिक एवं सामाजिक दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र और नौजवान जब अपने अधिकारों की आवाज उठाते हैं तो उनके आंदोलनों को दबाने के लिए बल प्रयोग किया जाता है। वक्ताओं ने पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी दलों की आवाज दबाने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि इन्हीं सवालों को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से 1 सितंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली आयोजित की जाएगी। वक्ताओं ने आमजन से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाने का आह्वान किया।

पदयात्रा के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारे लगाए और किसानों, मजदूरों, छात्रों, महिलाओं तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों पर लोगों को जागरूक किया।

Leave a comment