उरई, 02 सितम्बर 2026 (सू0वि0)। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मंगलवार को उरई नगर स्थित परिषदीय प्राथमिक विद्यालय बघौरा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति एवं शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी बच्चों के बीच शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए और उन्होंने बच्चों के साथ कविता गाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले विद्यालय के उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया। रजिस्टर की जांच में पाया गया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य अवकाश पर थे। जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों से शैक्षणिक व्यवस्था एवं बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य नियमित रूप से संचालित किया जाए तथा बच्चों की शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी कक्षाओं में पहुंचे और छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, विभिन्न विषयों तथा विद्यालय में संचालित गतिविधियों के संबंध में सवाल पूछे। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक जिलाधिकारी के प्रश्नों के उत्तर दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से कविता सुनाने को कहा, जिस पर बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कविता प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुति से प्रभावित होकर जिलाधिकारी स्वयं भी बच्चों के साथ कविता गाने लगे। जिलाधिकारी को अपने बीच सहजता से कविता गाते देखकर बच्चों के चेहरे खुशी और उत्साह से खिल उठे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए स्वयं बच्चों को पढ़ाया और सरल एवं सहज तरीके से विषयों को समझाया। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछकर उनकी समझ का आकलन किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। विद्यालयों में ऐसा सकारात्मक और सहज वातावरण होना चाहिए, जहां बच्चे बिना किसी संकोच के अपनी बात कह सकें और उनके भीतर सीखने के प्रति निरंतर उत्सुकता बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह भी मौजूद रहे।

Leave a comment