कदौरा/उरई। ग्राम पंचायत चंदरसी, ब्लॉक कदौरा, जनपद जालौन में श्मशान घाट की समुचित व्यवस्था न होने से ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में स्थिति और भी कठिन हो जाती है। ग्रामीणों को मजबूरी में टेंट और लोहे की टीन डालकर बारिश से बचाव करते हुए अंतिम संस्कार करना पड़ता है।

गांव निवासी विजय पाल राजपूत पुत्र शम्भू  दयाल राजपूत ने बताया कि गांव में स्थायी एवं सुविधायुक्त श्मशान घाट न होने के कारण ग्रामीणों को अपने परिजनों के अंतिम संस्कार के दौरान अनेक कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है। बारिश होने पर खुले स्थान में अंतिम संस्कार करना बेहद मुश्किल हो जाता है और ग्रामीण टेंट व लोहे की टीन की अस्थायी व्यवस्था करने को विवश होते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत और संवेदनशील आवश्यकता के लिए भी यदि किसी गांव में स्थायी व्यवस्था उपलब्ध न हो तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन और ग्राम पंचायत से मांग की है कि चंदरसी में जल्द से जल्द स्थायी श्मशान घाट, टीनशेड एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का निर्माण कराया जाए, ताकि बरसात सहित हर मौसम में ग्रामीणों को सम्मानजनक ढंग से अंतिम संस्कार की सुविधा मिल सके।

Leave a comment

Recent posts