माधौगढ़, जालौन। माधौगढ़ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कैलौर में रविवार को जन चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं की जानकारी ली और साइबर अपराध, महिला सुरक्षा तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने ग्रामीणों से कानून-व्यवस्था से संबंधित समस्याओं और शिकायतों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग और साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने ग्रामीणों से साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही परिवहन नियमों का पालन करने और दोपहिया वाहनों में तेज आवाज वाले साइलेंसर नहीं लगवाने की बात कही। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन चलाने के लिए समझाने का आह्वान किया।
क्षेत्राधिकारी अंबुज सिंह यादव ने पुलिस बल और जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संवाद से समस्याओं का समाधान करने में मदद मिलती है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यालयों और गांवों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी देते हुए महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
महिला हेल्पलाइन प्रभारी आरक्षी शिवानी बैस ने महिलाओं को उनके अधिकारों तथा महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। उन्होंने किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने की बात कही।
यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने ग्रामीणों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का जीवन बहुमूल्य है। इसलिए वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने, नियमों का पालन करने और तेज गति से वाहन न चलाने की अपील की।
साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक जगवीर सिंह ने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय बताए। उन्होंने ग्रामीणों से संदिग्ध फोन कॉल, लिंक और ऑनलाइन लेनदेन के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा। अंत मे प्रधान प्रतिनिधि विनय प्रताप सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए कैलोर में शराब से अपराधमुक्त बनाये रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनय कुमार सिंह, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। कार्यक्रम का संचालन प्रिन्स द्विवेदी ने किया।






Leave a comment