जालौन में 20,999 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग, 33 मतदेय स्थल बनाए गए

उरई। प्रयागराज-झांसी शिक्षक एवं स्नातक खंड निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है। मंगलवार को नामांकन की अंतिम तिथि है। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को झांसी में मतगणना कराई जाएगी। इस निर्वाचन के निर्वाचन अधिकारी मंडलायुक्त झांसी हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर ने बताया कि जनपद जालौन में इस निर्वाचन के लिए कुल 20,999 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदाताओं के लिए जिले में 24 मतदान केंद्रों पर 33 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। मतदान को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी है। इसके अनुपालन की निगरानी के लिए मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) सहित विभिन्न निगरानी तंत्र सक्रिय किए गए हैं। संबंधित टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। इसके अलावा वीडियो सर्विलांस और वीडियो वॉचिंग टीमें भी निर्वाचन गतिविधियों पर नजर रख रही हैं और आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट उपलब्ध करा रही हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की औपचारिक अंतिम सूची सामने आएगी। इसके बाद मतदाता सूची अथवा निर्वाचन से जुड़े किसी अन्य विषय पर शिकायत प्राप्त होने पर निर्वाचन कार्यालय नियमानुसार उसका परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करेगा। इसी प्रकार आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर संबंधित प्रत्याशी को नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों और निगरानी टीमों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a comment