माधौगढ़- कोतवाली में अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और मिलनसार व्यवहार से अलग पहचान बनाने वाले कंप्यूटर ऑपरेटर इरशाद खान का स्थानांतरण अलीगढ़ हो गया है। उनके स्थानांतरण पर कोतवाली परिसर में विदाई समारोह आयोजित किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूल-मालाएं पहनाकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस दौरान माहौल भावुक हो गया और सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए समय को याद किया।
इरशाद खान ने माधौगढ़ कोतवाली में अपने साढ़े तीन साल से अधिक के कार्यकाल के दौरान न केवल विभागीय जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन किया, बल्कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके सेवाकाल की सबसे उल्लेखनीय उपलब्धि करीब 16 लाख रुपये मूल्य के 95 गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक सुरक्षित पहुंचाना रही।
जनपद जालौन के नदीगांव, एट, कोटरा, उरई कोतवाली सहित विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे चुके इरशाद खान ने हर जगह अपनी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा की छाप छोड़ी। माधौगढ़ में भी उन्होंने पुलिस विभाग की जिम्मेदारियों के साथ-साथ आम नागरिकों की मदद को प्राथमिकता दी।
विदाई समारोह में कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि इरशाद खान की सेवाएं और सहयोगी स्वभाव हमेशा याद रखा जाएगा। सभी ने उनके नए कार्यस्थल पर बेहतर भविष्य और उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।





Leave a Reply