0 सुबह सात बजे शुरू हो जायेगा मतों की गिनती का काम
0 गड़बड़ी करे वालों से सख्ती से निपटा जायेगा, होगी कड़ी कार्यवाही
12orai01 12orai02कोंच-उरई। ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों का मतपेटियों में बंद भाग्य कल से बाहर आना शुरू हो जायेगा और किसके सिर पर ताज होगा और किसे मायूसी हाथ लगेगी, कल शाम तक तय हो जायेगा। कोंच एवं नदीगांव ब्लॉकों में कल 13 दिसंबर को होने बाली मतगणना के लिये जिला परिषद् इंटर कॉलेज नदीगांव और एसआरपी इंटर कॉलेज कोंच में युद्ध स्तर पर तैयारियां चल रहीं हैं। एसडीएम के मुताबिक मतों की गिनती का काम सुबह ठीक सात बजे से प्रारंभ हो जायेगा जो अंतिम परिणाम आने तक जारी रहेगा। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फिर चाहे वह सरकारी कर्मचारियों की ओर से हो या फिर प्रत्याशी या उनके समर्थकों की ओर से, प्रशासन पूरी सख्ती के साथ पेश आयेगा और ऐसी कार्यवाही अमल में लाई जायेगी जो दूसरों के लिये उदाहरण बन सके।
छोटी संसद के गठन के लिये जारी कवायद अब रोमांचक मोड़ पर है, मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों के भाग्य के बाहर आने की उल्टी गिनती अब अंतिम दौर में है, मतगणना की फूलप्रूफ तैयारियों को लेकर चिंतित प्रशासन लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रहा है और जहां भी कमी बेसी नजर आ रही है, दुरूस्ती कराने में लगा है। कोंच तहसील के दो ब्लॉकों कोंच और नदीगांव में 138 प्रधानों के लिये 1203 प्रत्याशी मैदान में थे, कोंच में 62 ग्राम पंचायतों में 569 तथा नदीगांव में 76 ग्राम प्रधानों के लिये 634 प्रत्याशी मैदान में थे जिनके वोटों की गिनती कल सुबह सात बजे से शुरू हो जायेगी। इसे लेकर कोंच और नदीगांव में तैयारियां अंतिम दौर में हैं। एसडीएम संजयकुमार सिंह ने दोनों जगह जाकर तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि जिन एआरओज को नामांकन में जिस न्याय पंचायत में लगाया गया था, वे एआरओज अब उन्हीं न्याय पंचायतों की मतगणना नहीं करायेंगे बल्कि उनको रेंडमली लगाया जायेगा जिसकी सूचना जिला स्तर से सुबह छह बजे ईमेल से प्राप्त होगी। इसका कारण उन्होंने गड़बडियों की होने वाली संभावनाओं को रोकना है। उन्होंने यह भी बताया है कि मतगणना का काम एक ही शिफ्ट में कराया जा रहा है और अंतिम परिणाम बमुश्किल शाम सात आठ बजे तक आ जायेगा। उन्होंने कहा कि जिन ग्राम पंचायतों की मतगणना प्रथम चक्र में होनी है उनके प्रत्याशियों को बताया जा चुका है और ग्राम सचिवों के माध्यम से भी अवगत कराया जा रहा है कि वे अपने एजेंटों को हर हाल में सुबह छह बजे तक मतगणना स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करायें ताकि उनके सामने ही मतपेटियों को खुलवाया जा सके। उन्होंने यह भी चेतावनी दी है कि प्रत्याशी अथवा उसके एजेंट के अलावा मतगणना कक्ष में किसी अन्य की मौजूदगी बर्दाश्त नहीं की जायेगी। इस दौरान बीडीओ कोंच बब्बन राय, कोतवाल रूद्रकुमार सिंह, एडीओ पंचायत नरेश दुवे, गिरिजाशंकर निरंजन, बीडीओ नदीगांव गणेशशंकर आदि मौजूद रहे।छावनी में तब्दील होगा मतगणना स्थल
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अगर बात करें तो मतगणना स्थल पूरी तरह से छावनी में तब्दील होगा। कोंच के एसआरपी इंटर कॉलेज में मुख्य द्वार से ही सख्त पहरा शुरू हो जायेगा और केवल पास धारियों को ही प्रवेश की अनुमति होगी। कोतवाल रूद्रकुमार सिंह ने बताया है कि जो व्यवस्था सुरक्षा के लिये बनाई गई है उसमें अवांछनीय तत्व पंख नहीं फडफड़ा सकेंगे। मारकंडेयश्वर तिराहे पर बैरियर बना कर चार पहिया वाहनों को वहां रोका जायेगी और उन्हें मंडी की ओर से जाने बाले रास्ते पर डायवर्ट किया जायेगा। इसके अलावा यहां रेलवे क्रॉसिंग पर भी बैरियर लगाया जा रहा है ताकि वाहनों को मतगणना स्थल की ओर जाने से रोका जा सके। मतगणना केन्द्र के अंदर हर कक्ष में पुलिसमैन की ड्यूटी के साथ दरोगा भी तैनात रहेंगे ताकि वहां अनधिकृत व्यक्ति प्रवेश न कर सके। इसके साथ ही चप्पे चप्पे पर पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात रहेगा तथा अर्द्धसैनिक बलों को भी लगाया जा रहा है। कुल मिला कर देखा जाये तो मतगणना केन्द्र पूरी तरह से छावनी में तब्दील रहेगा। गश्त के तीन स्तर बनाये गये हैं, पहले में मारकंडेयश्वर तिराहे से रेलवे क्रॉसिंग तक, दूसरे में विद्यालय भवन से लेकर मुख्य मार्ग तक तथा तीसरा मतगणना स्थल के प्रवेश द्वार से अंदर कक्षों तक जो हर पल हर व्यक्ति पर नजरें रखेंगे। इसके अलावा पूरा मतगणना केन्द्र सीसी टीवी कैमरों की नजरों में रहेगा।

Leave a comment