उरई। मतगणना में निष्पक्षता की फुलप्रूफ व्यवस्था के लिए इस बार कई नये कदम उठाये गये हैं। मतगणना के पूरे समय वीडियोग्राफी जारी रखी जायेगी ताकि किसी को गड़बड़ी की शिकायत का अवसर न रहे। गणना कर्मियों को हिदायत दी गई है कि वे प्रत्येक मतपत्र को हर प्रत्याशी के एजेंट को दिखाने के बाद ही उसे गिनती में शामिल करें ताकि किसी को उंगली उठाने का अवसर न मिले।
जिलाधिकारी रामगणेश ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में मतगणना तैयारियों की पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डकोर विकास खंड की मतगणना राजकीय इंटर काॅलेज, उरई में होगी जबकि अन्य विकास खंडों की गणना के लिए उन्हीं के क्षेत्र में स्थान तय किये गये हैं। जालौन, कुठौंद, माधौगढ़ और रामपुरा विकास खंडों के लिए गणना कार्मिकों को ले जाने हेतु छह बसों की व्यवस्था की गई है। ये बसें जिला परिषद के सामने सुबह 4.30 से 5.30 बजे के बीच उपलब्ध रहेंगी। अन्य विकास खंडों के लिए बस की व्यवस्था के स्थान बदल दिये गये हैं लेकिन समय यही रहेगा। कदौरा व महेबा विकास खंड के लिए कालपी बस स्टैण्ड से और कोंच व नदीगांव विकास खंडों के लिए कोंच स्टैण्ड से बसें भेजी जायेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि सबसे पहले छोटी ग्राम पंचायतों की मतगणना कराई जायेगी। इनके परिणाम जल्द घोषित हो जायेगे जिससे काफी टेबिलें समय रहते खाली हो जायेगीं। इसके बाद बड़ी न्यायपंचायतों की मतगणना एक साथ कई टेबिलों पर शुरू करा दी जायेगी ताकि शाम 6 बजे तक सभी परिणाम हासिल किये जा सकें। जिलाधिकारी ने बताया कि नामांकन में जो सहायक रिटर्निंग अफसर जिस न्याय पंचायत को देख रहा था। उसे मतगणना में दूसरी जगह बदल दिया जायेगा। इसके लिए सूचि जारी कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि सभी गणना केंद्रों पर फोर्स की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पार्किंग की भी व्यवस्था गणना स्थल के पास की गई है। उन्होंने बताया कि आरओ गणना पूरी होने के बाद 15 मिनिट के अंदर विजयी प्रत्याशी को प्रमाण पत्र उपलब्ध करा देंगे। हालांकि विजय जुलूस निकालने पर रोक रहेगी। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर को नवनिर्वाचित प्रधानों को शपथ दिलाई जायेगी। 26 तारीख को नवगठित ग्राम पंचायतों की पहली बैठक होगी। इसके बाद जिला मुख्यालय पर जिले भर के प्रधानों की एक सामूहिक बैठक आयोजित की जायेगी जिसकी तिथि बाद में निश्चित होगी। जिलाधिकारी के अलावा जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम और उपजिलाधिकारी डाॅ. एवी सिंह मौजूद थे।
जीआईसी का निरीक्षण
जिलाधिकारी रामगणेश ने बाद में राजकीय इंटर काॅलेज का गहन निरीक्षण किया जहां रविवार को डकोर विकास खंड की मतगणना होनी है। उन्होंने जो खामियां देखी उन्हें सुधारने के निर्देश दिये।
1390 कार्मिक लगाये
मतगणना के लिए 1390 कार्मिक लगाये गये हैं। जबकि जिले भर में सभी को मिलाकर 236 गणना टेबिलें रहेंगी और 42 टेबिले रिजर्व में रखी जायेगी। इन टेबिलों पर काम करने के लिए 236 टोलियां बनाई गई हैं। पहले जब छोटी पंचायतों की मतगणना होगी एक पंचायत के लिए एक टेबिल तय की जायेगी। बाद में बड़ी पंचायतों में एक पंचायत की गणना कई टेबिलों पर चलाई जायेगी ताकि समय पर गणना पूरी की जा सके।






Leave a comment