उरई। घर में गड़े धन को निकलवाने के लिए छह वर्ष के बच्चे की बलि चढ़ाये जाने का मामला प्रकाश में आया है। गोहन थाने में बच्चे की मां रेशमा की तहरीर पर तांत्रिक सहित तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
ग्राम नवीपुर में 15 मार्च की शाम रेशमा का छह वर्षीय बालक तालिब घर से अचानक गायब हो गया था। रात भर तलाश के बावजूद उसका पता नही चला। सुबह चार बजे बिजली जाने के बाद रज्जाक खां के मकान के पीछे नाली में बच्चे का शव किसी ने फेंक दिया। उजाला होने पर शव दिखाई दिया तो रेशमा के घर में कोहराम मच गया। रेशमा के पति अब्दुल खालिद मुंबई में बिजनिस करते हैं। उन्हें फोन करके रेशमा ने जानकारी दी जिस पर वे तत्काल वहां से घर आ गये। अब्दुल खालिद के मुताबिक रज्जाक खां को उसके घर के आंगन में खजाना गड़ा होने की बात बताई गई थी। जिसे निकालने के लिए तीन-चार साल से वह तंत्र-मत्र करा रहा है। ढाई वर्ष पहले गांव के ही फकीर जाति के इस्लाम की बीए में पढ़ रही लड़की रोशनी की भी रहस्यमय ढंग से हत्या हुई थी। इसमें भी रज्जाक पर उसकी बलि चढ़ाने का संदेह किया गया था। लेकिन गरीब होने की वजह से इस्लाम की हिम्मत रिपोर्ट दर्ज कराने की नही हुई थी। उसने कहा कि अपने बच्चे के बारे में भी जब उसने पता लगाया तो मालूम हुआ कि रज्जाक और उसकी बहन नसरीन ने तंत्र-मंत्र के लिए उसकी बलि चढ़ा दी है। डकोर थाने के मुहम्मदाबाद गांव निवासी तांत्रिक नसीम बाबा ने खजाना निकलवाने के नाम पर बलि देने के लिए रज्जाक को बहका रखा है। तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा गोहन थाने में दर्ज कर लिया है।
हालांकि पुलिस अधीक्षक बब्लू कुमार का कहना है कि यह मामला बलि का प्रतीत नही हो रहा क्योंकि बलि देने में या तो जीभ काटी जाती है या गर्दन या फिर हाथ। फिर भी मामले की गहन छानबीन कराई जा रही है। तीनों आरोपी मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार हो गये हैं। जिसकी वजह से उनसे पूंछतांछ नही हो पा रही है।






Leave a Reply