0 कोंच तहसील में हैं कुल 247 बूथ
0 माधौगढ आंशिक में 203 तथा उरई आंशिक में हैं 44 बूथ
कोंच-उरई। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन ने विधान सभा चुनाव की तैयारियों की पहली कड़ी में बूथों का सर्वेक्षण करने का काम शुरू कर दिया है। पिछले दो दिन से जारी बूथों के इस सर्वे में अधिकारी बूथों की स्थिति देखेंगे और उनमें जो भी कमियां उन्हें दिखाई देंगी उनके बाबत वे जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत करायेंगे ताकि समय रहते उन कमियों को दूर किया जा सके। सर्वे के लिये तहसील लेबिल पर एसडीएम व तहसीलदार तथा ब्लॉक लेबिल पर कोंच व नदीगांव बीडीओज को नामित किया गया है। कोंच तहसील में कुल 247 बूथों का सर्वे किया जाना है।
वर्ष 2017 में प्रस्तावित यूपी के विधानसभा चुनावों के लिये निर्वाचन आयोग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी को राज्य निर्वाचन आयोग से जो निर्देश प्राप्त हुये हैं उनके बाबत स्थानीय प्रशासन को अवगत करा दिया गया है जिसके मुताबिक सभी बूथों की स्थिति के बारे में जानकारी इकट्ठा करके जिला निर्वाचन अधिकारी को अवगत कराया जाना है। तहसीलदार जितेन्द्रपाल ने आज अपने कार्यालय में इस संबंध में जानकारी देते हुये मोटे तौर पर बताया है कि तहसील क्षेत्र में दो विधान सभाओं के क्षेत्र पड़ते हैं। माधौगढ आंशिक में 203 बूथ तथा उरई आंशिक (सु) में 44 बूथ लगते हैं। इन सभी बूथों का स्थलीय निरीक्षण करने के बाद इनसे संबंधित सभी जानकारियां आगामी 30 मार्च तक जिला निर्वाचन अधिकारी को उपलब्ध कराना है। सर्वे में मुख्य रूप से बूथों की स्थिति देखनी है कि कहीं टूट फूट तो नहीं है, क्या बूथ तक पहुंच मार्ग उपलब्ध है और बूथ सरकारी भवन में है या निजी भवन में। उन्होंने बताया कि सर्वे के काम पर एसडीएम कोंच, तहसीलदार कोंच, बीडीओ कोंच तथा बीडीओ नदीगांव को नामित किया गया है, सभी अधिकारियों ने काम भी शुरू कर दिया है।






Leave a Reply