सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष ने वफादारों को किनारे करने का आरोप लगाया
उरई। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा रहा असंतोष विस्फोटक रूप लेने की ओर अग्रसर है। कई जिम्मेदार लोगों ने खुलेआम उनके खिलाफ बगावत का परचम लहरा दिया है। जिसकी गंूज पार्टी हाई कमान के कानों तक जा पहुंची है। इसे देखते हुए समाजवादी पार्टी के संगठन में जिला स्तर पर एक बार फिर बदलाव के कयास लगाये जाने लगे हैं।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव की कार्यशैली के प्रति पार्टी के बड़े वर्ग में नाराजगी तो पहले ही दिन से थी। लेकिन हाईकमान की भृकुटि टेढ़ी न हो जाये इस वजह से उन्हें किसी तरह बर्दास्त किया जा रहा था। लेकिन अब स्थितियां पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए असहनीय बन चुकी हैं। समाजवादी सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह यादव ने इस सिलसिले में खुलेआम आगे आते हुए आरोप लगाया है कि धीरेंद्र यादव व्यक्तिगत स्वार्थों के लिए पार्टी संगठन का जिला स्तर पर भटठा बैठाने पर आमादा हैं। उन्होंने बताया कि 15 मार्च को समाजवादी विकास दिवस पर मुख्यमंत्री का संदेश लेकर जिले में आये वन विकास राज्य मंत्री पवन पांडेय को धीरेंद्र यादव की गैर बाजिब कारगुजारियों के बारे में अवगत कराया गया था। धीरेंद्र यादव ने सात महीने से पार्टी को खत्म करने के लक्ष्य के अंतर्गत समीक्षा बैठक नही बुलाई थी। जबकि ऐसी बैठक हर महीने होना अनिवार्य है।
जितेंद्र सिंह ने कहा कि इस शिकायत के बाद धीरेंद्र यादव ने 19 मार्च को आनन-फानन में पार्टी के जिला कार्यालय पर बैठक आहूत कर ली। लेकिन इसमें फिर फरेब किया गया। सभी को सूचना देने की बजाये उन्होंने खास लोगों को ही बैठक में बुलाया और खानापूर्ति कर ली। श्री सिंह ने कहा कि धीरेंद्र यादव इस तरह की कारगुजारियों से निष्ठावान और जुझारू कार्यकर्ताओं को उपेक्षित महसूस कर पार्टी छोड़ जाने के लिए मजबूर कर रहे हैं। यह सरासर पार्टी विरोधी गतिविधि है। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए चुनावी वर्ष में उनकी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से गुजारिश है कि वे वर्तमान जिला कार्यकारिणी भंग कर नये जिलाध्यक्ष की नियुक्ति करें जो सभी को साथ लेकर कार्य करने की भावना रखता हो। सैनिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष के इस कदम से समाजवादी पार्टी की जिला इकाई में हड़कंप का माहौल है। जिलाध्यक्ष के खिलाफ पार्टी का एक बड़ा वर्ग लखनऊ में मुख्यमंत्री के सामने पहुंचने की तैयारी कर रहा है।






Leave a Reply