0 केंद्र और राज्य सरकार के आला अफसर गांव में करेगे रात्रि विश्राम
उरई। ग्रामोदय से भारत उदय के नारे के साथ अंबेडकर जयंती के दिन से राष्ट्रीय पंचायत दिवस 24 अप्रैल तक प्रत्येक ग्राम सभा में विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा बनाई गई है। इसके तहत भारत सरकार के उच्चाधिकारी प्रत्येक जिले के एक किसी गांव में रात्रि भ्रमण करेगे। प्रदेश सरकार के नोडल अधिकारी भी अपने आवंटित जिले में इन 10 दिनों में से किसी एक दिन भ्रमण करेगे।
गांवों का उत्थान कर देश की तस्वीर बदलने के संकल्प के साथ इस बार अंबेडकर जयंती से 10 दिवसीय पंचायत स्तरीय कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी की गई है। यह जानकारी देते हुए जिलाधिकारी संदीप कौर ने बताया कि 14 से 16 अप्रैल तक सभी ग्राम पंचायतों में बाबा साहब के चित्र या प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जायेगी और जनसमुदाय को सामाजिक समरसता के लिए प्रयास करने की शपथ दिलाई जायेगी। समानता को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं से भी इस दौरान ग्रामीणों को अवगत कराया जायेगा। इस दौरान उपलब्ध संसाधनों व सुविधा के हिसाब से ग्राम पंचायतें अपने यहां बाबा साहब के जीवनवृत्त पर प्रदर्शनी का भी आयोजन करेगे। 17 से 20 अपै्रल तक पंचायतों में किसान सभाएं आयोजित की जायेगी जिनमें खेती से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराई जायेंगी। बेहतर खेती के लिए सुझाव भी इस दौरान दिये जा सकते हैं।
21 से 24 अप्रैल तक ग्राम सभा की बैठके होगी। बैठक के दिन प्रभात फेरी निकाली जायेगी इसके बाद ग्रामीणों को स्वच्छता कार्यक्रम की जानकारी दी जायेगी, ग्रामीण खेलकूंद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकती हैं। ग्राम सभा की बैठकों में स्थानीय आर्थिक विकास हेतु उपाय लागू करने बजट के उचित उपभोग, सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता कार्यक्रम तय करने और राज्य व केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से ग्रामीणों को अवगत कराने का कार्य किया जायेगा। इस दौरान योजनाओं से संबंधित साहित्य के वितरण की भी व्यवस्था रहेगी। 24 अप्रैल को प्रधानमंत्री का आकाशवाणी दूरदर्शन पर संबोधन होगा जिसे सुनाने की व्यवस्था प्रत्येक ग्राम पंचायत द्वारा सुनिश्चित की जायेगी।







Leave a comment