मुख्यमंत्री के ललितपुर दौरे के मद्देनजर जिले का प्रशासन भी अलर्ट

उरई। 19 अप्रैल को मुख्यमंंत्री के ललितपुर में प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनजर जिलाधिकारी संदीप कौर ने सभी विभागों को उनके आकस्मिक निरीक्षण की संभावना के मद्देनजर चौकस कर दिया है।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने विभागाध्यक्षों के लिये जारी परिपत्र में कहा कि मुख्यमंत्री का ललितपुर दौरा सूखे से प्रभावित बुन्देलखण्ड के लोगों को मरहम लगाने के क्रम में है। इसके कारण पूर्व निर्धारित कार्यक्रम न होते हुए भी उनके द्वारा जिले में कहीं भी औचक निरीक्षण की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जिलाधिकारी ने कहा कि इसे देखते हुए 19 अप्रैल को ग्राम, ब्लाक, तहसील और जिला स्तर के सभी अधिकारी अपने स्थान पर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। उन्हें 19 अप्रैल को कोई अवकाश नहीं दिया जायेगा।
बिजली, पानी और पेंशन व अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जुड़े संवेदनशील विभागों के लिये जिलाधिकारी ने फरमान जारी किया है कि वे अपने यहां लम्बित समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित कर लें ताकि मुख्यमंत्री के आकस्मिक निरीक्षण की स्थिति में समस्या विलम्बित पाई जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की नौबत न आये।

Leave a comment