उरई। महावीर जयन्ती और हजरत अली की यौमे पैदाइश के दिन के बाद त्योहारों का सीजन फिलहाल गुजर जायेगा। नये पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार इसके बाद अपराध नियंत्रण के मामले में सख्त तेवर दिखाने के मूड में हैं। शुरूआत सदर कोतवाली क्षेत्र से की जायेगी। उनका मानना है कि जिला मुख्यालय पर पुलिस अपना दबदबा दिखाने में सफल रही तो पूरे जिले में असामाजिक तत्वों पर उसका असर पड़ेगा।
नये पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार अपराध नियंत्रण के लिये रणनीतिक अंदाज में कार्यवाही शुरू करने की योजना बनाये हुए हैं। त्योहारों के सीजन की वजह से अभी तक जिले की पुलिस कानून व्यवस्था मेन्टेन करने में व्यस्त रही। 21 अप्रैल के बाद पुलिस इससे फारिग हो जायेगी। इसके बाद पुलिस का डंडा स्मैक व्यापारियों, सटोरियों और जुआ खिलाने वालों पर चलेगा।
पुलिस अधीक्षक ने साफ कह दिया है कि उनके कार्यकाल में थाना प्रभारियों को इस मामले में आमदनी के लोभ से पूरी तरह छुटकारा पाना होगा। वे दिखावटी कार्रवाई नहीं चाहते। उन्होंने सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना से कहा है कि वे स्मैक की बड़ी खपत करने वाले तत्वों को चिन्हित करें। इन लोगों को किसी भी कीमत पर जेल से बाहर न आने देने की व्यूह रचना की जाये। इनके मददगार रिश्तेदारों से लेकर जमानतदारों तक पर ऐसा दबाव बनाया जाये जिससे वे इनसे दूरी बना लें। इसके लिये अगर इनको भी बन्द करना पड़े तो गुरेज न किया जाये।
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि सट्टा खेलने वाले छुटभैयों को गिरफ्तार करने और मुचलके पर छोडऩे की परंपरा नहीं चलने दी जायेगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को आदेशित कर दिया है कि वे केवल इतना करके छुट्टी नहीं पा सकते। असली सटोरियों पर हाथ डाले जायें और लम्बे समय तक उनको जेलों में बन्द रखने की व्यवस्था की जाये। यही हश्र जुआ खिलवाने वालों का किया जाना चाहिये।
इस बीच पुलिस अधीक्षक ने लम्बित विवेचनाओं के अंबार को खत्म करने का अभियान चलाया। उनके इस प्रयास से जिले में लम्बित लगभग 900 विवेचनाओं में से 250 एक महीने में निस्तारित कर दी गयी हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनमें से कई मुकदमों की तो जानकारी तक थानों को बीच में हो चुके तबादलों के कारण नहीं थी। कई वांछित गुम थे। जिनको खोजने की सक्रियता फिर से लायी जा सकी है। उन्होंने कहा है कि अगर पुलिस हर वारदात के दोषी को उसके अंजाम तक पहुंचाने में जुट जाये तो अपराध मुक्त समाज बनाना असंभव कार्य नहीं है।






Leave a comment