cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। पिछले कुछ समय से साम्प्रदायिक तपिश में झुलस रहे जिले में शांति व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रशासन ने इस तरह की वारदातों में मुब्तिला लोगों के खिलाफ सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। बजरंग दल के जिला संयोजक सहित दो लोगों के खिलाफ जेल में रासुका की तामीली कराकर इस इरादे का एहसास कराया गया है।
जिले में बढ़ते साम्प्रदायिक तनाव से परेशान राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ा एक्शन करके सख्त संदेश देने की कोशिश की है। अवधेश नाई को सिर मुड़ाकर गधे पर बैठाकर घुमाये जाने के मामले में जेल में बंद बजरंग दल के जिला संयोजक अखिलेश डीहा को राज्य सलाहकार बोर्ड के मार्फत रासुका का नोटिस तामील करा दिया गया है। इसी तरह की कार्रवाई कदौरा थाना क्षेत्र में सामूहिक रूप से गौवंश काटे जाने के मामले में जेल में निरुद्ध मुहारी निवासी रियाजुददीन के खिलाफ भी की गई है। गौरतलब है कि रासुका में निरुद्ध किये जाने के बाद आरोपी को एक साल तक बंद रखा जा सकता है जिसमें जमानत का कोई प्रावधान नही होता। इस कार्रवाई से जोशीले संगठनों में खलबली मच गई है। प्रशासन विश्वास कर रहा है कि इस कार्रवाई के बाद बात-बात पर उग्र तेवर दिखाने वालों के हौसले पस्त होंगे। एसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने इशारा दिया कि साम्प्रदायिकता के अलावा अन्य कारणों से अराजकता दिखाते हुए लोक व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी रासुका का इस्तेमाल होगा तांकि शांति व्यवस्था सुदृढ़ रह सके।

Leave a Reply