उरई। पदमश्री से सम्मानित रहे पं. वचनेश त्रिपाठी स्मृति व्याख्यान माला समारोह जनपद के सुढ़ार-सालाबाद गांव में 26 जून को सुबह 8.30 बजे आयोजित किया जायेगा। जिसमें प्रदेश के राज्यपाल रामनाईक और केंद्रीय लघु उद्योग मंत्री कलराज मिश्र भी भाग लेंगे।
कार्यक्रम के आयोजक और राष्ट्रधर्म पत्रिका के प्रबंध सम्पादक पवन पुत्र बादल ने यह जानकारी देते हुए पत्रकारों को बताया कि 26 जून को भारतीय लोकतंत्र की कालरात्रि की 41वीं वर्षगांठ है। 25 जून 1975 की आधी रात देश में आपातकाल थोपकर लोकतंत्र को खत्म कर दिया गया था और लाखों राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ता जेल में ठंूस दिये गये थे। उक्त आयोजन आपातकाल बंदियों के सम्मान के लिए आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल की उपस्थिति में प्रदेश के किसी जिले के छोटे से गांव में आपातकाल बंदियों के सम्मान का यह पहला आयोजन है जिससे भविष्य में लोकतंत्र का अपहरण करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ लोग जागरूक हों।
पवन पुत्र बादल ने कहा कि अवसर पर राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री नौमीसा बंदियों को लोकतंत्र की रक्षा के लिए उनके द्वारा सही गई यातनाओं को लेकर उन्हें विशिष्ट सम्मान से नवाजेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उद्योगपति और समाजसेवी प्रकाश वेताला, राष्ट्रधर्म के निदेशक सर्वेश चंद्र द्विवेदी, साहित्य परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष डाॅ. सुशील चंद्र द्विवेदी मधुरेश उपस्थित रहेंगे। पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिवाकर शास्त्री, रामदूत बादल, मनोज दौहलिया, आशीष सेठ सहित कई लोग उपस्थित थे।






Leave a Reply