माधौगढ़-उरई। कस्बे में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस की नाक नीची करने वाली घटना में सीओ आवास के बगल से दिनदहाड़े बाइक चोरी हो गई। इस वारदात के चलते थाना पुलिस सकते में आ गई है।
ढीलेढाले पुलिस निजाम की वजह से कस्बा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था की चूलें वैसे ही हिल रहीं हैं। कुछ ही दिन पहले एसडीएम से तहसील मुख्यालय के पास के गांवों में अवैध शराब की धड़ल्ले से हो रही बिक्री के कारण जहरीली शराब कांड होने की आशंका जताई गई थी। एसडीएम के निर्देश के बावजूद पुलिस अवैध धंधों को रोकने और उपद्रवियों पर लगाम लगाने के लिए हरकत में नही आई। इसी बीच आज सीओ आवास के पास रामसिंह के मकान के बाहर खड़ी उनकी बाइक नं. यूपी 92 एम 4023 सीडी डीलक्स हीरो होण्डा दोपहर में कोई अज्ञात चोर उठा ले गया।
रामसिंह उस समय घर के अंदर कुछ काम करा रहे थे। जब वे बाइक देखने के लिए घर से बाहर निकले तो गाड़ी गायब देखकर हड़बड़ा गये। सीओ आवास के पास का एरिया क्षेत्रीय क्रिमिनलों के लिए हाई सिक्योरिटी जोन से कम नही होना चाहिए। इस कारण उक्त इलाके से बाइक चोरी की घटना ने थाना पुलिस में खलबली मचा दी है। रामसिंह ने बाइक चोरी की शिकायत लिखित रूप में भी थाना पुलिस को दे दी है।






Leave a Reply