कोंच-उरई। विकास खंड कार्यालय कोंच के ठीक बगल से निकल कर डेढ किमी लंबी सिकरी कोंच की लिंक रोड जैसे तैसे बनने की सुध ली गई थी लेकिन ठेकेदार बीच में ही काम छोड़ गया जिसके चलते लगभग चार सौ मीटर का टुकड़ा अभी भी अधबना पड़ा है और ग्रामीणों के लिये परेशानी का सबब बना है। बाकी काम को लेकर भी ग्रामीणों ने लीपापोती का आरोप लगाया है।
सरकार ग्रामीण विकास को लेकर कितनी संवेदनशील है इसकी ताजा बानगी विकास खंड कोंच अंतर्गत आने बाले ग्राम सिकरी की आधी अधूरी पड़ी सड़क देखकर ही लगाया जा सकता है। अधिकारियों तो यह तक देखने की फुर्सत नहीं है कि कहां कौन सा काम हो रहा है और उसमें क्या प्रगति है। ग्राम सिकरी तक लगभग डेढ किमी का लिंक रोड कोंच में ब्लॉक कार्यालय के पीछे नदीगांव रोड को जोड़ती है। काफी समय से उखड़ी पड़ी उक्त लिंक रोड को बनवाये जाने की सालों की मांगों के बाद जैसे तैसे सड़क निर्माण को मंजूरी मिली और ठेकेदार ने काम भी शुरू कर दिया था जिसमें तकरीबन एक किमी सड़क बन कर तैयार भी हो गई है, लेकिन इसके बाद ठेकेदार अपना बोरिया बिस्तर समेट कर खिसक लिया। लगभग चार सौ मीटर सड़क अभी भी अधूरी पड़ी है जो ग्रामीणों के लिये खासी परेशानी का कारण बनी है। ग्रामीणों जगदीश, रामसहाय आदि ने बताया है कि ठेकेदार मैक्स फॉल्ट नहीं होने का बहाना करके काम से हाथ खींचे बैठा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि जो सड़क बनाई भी गई है उसमें मानकों की जमकर धज्जियां उड़ाई गई हैं जिसके चलते सड़क उखडने लगी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त अधूरी सड़क को अबिलंब पूरा कराया जाये और जो कार्य हुआ है उसकी गुणवत्ता की जांच कराई जाये, अनियमिततायें सामने आने पर ठेकेदार का भुगतान रोका जाये और दोबारा से गुणवत्ता युक्त लेपन कार्य कराया जाये।






Leave a Reply