उरई। स्टेशन रोड स्थित माॅडल शाॅप में अधिक मूल्य पर बियर केन बेचीं जाने को लेकर शनिवार की रात झगड़ा हो गया। इसके बाद युवकों ने बार पर पथराव शुरू कर दिया। जबाव में बार के स्टाॅफ ने भी पथराव किया। जिससे रोड से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई बाद में कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची।
स्टेशन रोड स्थित माॅडल शाॅप पर रात सवा ग्यारह बजे बियर की केन खरीदने गये युवकों से 110 रुपये की निर्धारित कीमत की बजाय 120 रुपये मांगे गये जिससे युवक भड़क गये। बहस मुबाहिसे के बाद युवकों ने गुस्से में बार पर पत्थर फेंके तो बार का स्टाॅफ भी बाहर निकलकर उनकी ओर पत्थर फेकने लगा। रात ज्यादा हो जाने के बावजूद शहर का व्यस्ततम रोड होने की वजह से राहगीर आ-जा रहे थे जिनमें इस जबावी पत्थरबाजी से भगदड़ मच गई।
इस बीच कोतवाली खबर पहुंची जिस पर प्रभारी निरीक्षक आलोक सक्सेना सदलबल मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखकर पथराव कर रहे युवक खिसक गये। प्रभारी निरीक्षक ने बार के स्टाॅफ से निर्धारित समय के बाद बिक्री करने पर कड़ी नाराजगी जताई। कहा कि कल से अगर बार ओवर टाइम खुला मिला तो सारे लोग बंद कर दिये जायेंगे। उन्होंने एमआरपी से ज्यादा कीमत लेने की शिकायत को लेकर भी बार स्टाॅफ को हिदायत दी।
गौरतलब है कि जिले भर में आबकारी विभाग की मिलीभगत से निर्धारित कीमत से ज्यादा में शराब और बियर बेंची जा रही है। जालौन आदि कस्बों में भी इसकों लेकर झगड़े हो चुके हैं लेकिन फिर भी ठेकेदारों की लगाम नही कसी जा रही। साथ-साथ शराब में मिलावट की भी शिकायतें आम हैं। कालपी बस स्टैण्ड स्थित ठेके पर पानी मिले होने की शिकायत करते ग्राहक सेल्समैन से भिड़े रहते हैं जिसके कारण कभी भी अप्रिय वारदात हो सकती है।






Leave a Reply