उरई। लाखों रुपये खर्च करके रिपेयर हुए कालपी के पुराने यमुना पुल के कुछ ही महीनों में ओवरलोड के कारण टूट जाने से चाहे जितना हड़कम्प मचा हो लेकिन खनन सिंडीकेट और ट्रक आॅपरेटरों की सेहत पर इसका कोई असर नही है। ट्रक आॅपरेटर कितने बेखौफ है इसका अंदाजा आज राज्यपाल के आगमन के कारण जालौन रोड पर गुजरे डीएम-एसपी के काफिले के सामने ही पूरे रास्ते खड़े ओवरलोड मौरंग भरे ट्रकों को देखकर हुआ।
हमीरपुर और कालपी में यमुना पुलों के क्षतिग्रस्त होने से अवैध मौरंग खनन और ओवरलोडिंग की चुगली सरेआम हो गई थी। जिसके बाद अधिकारियों ने कागजी घोड़ों में इतनी तेजी दिखाई कि लगा कि कुछ हफ्तों के लिए अब इस बेहयायी पर लाजिमी तौर पर लगाम लगाई जायेगी। लेकिन इस खामख्याली पर से तत्काल ही पर्दा उठ गया जब ओवरलोड मौरंग ट्रकों का संचालन बदस्तूर जारी रहा।
कालपी पुल टूटने की वजह से एक तरफ का ट्रैफिक जालौन के रास्ते औरैया होकर हाइवे की ओर डायवर्ट किया जा रहा है जिसमें जोखिम यह है कि पर्याप्त मजबूत न होने की वजह से कहीं कुकरगांव का नया-नवेला पुल चीं न बोल जाये। अंदाजा यह था कि इस आशंका के मददेनजर प्रशासन यहां ओवरलोडिंग की निगहबानी जरूर करेगा लेकिन यह भी नही हुआ। क्षमता से दोगुने और तीन गुने ज्यादा भरे ट्रकों के लिए यह जानते हुए भी कि आज सुबह राज्यपाल का कार्यक्रम है। कुछ घंटों का भी नागा करना प्रशासन के बूते की बाहर की बात रहा।
इस कारण उरई से जालौन के रास्ते में जगह-जगह मौरंग से ओवरलोड भरे ट्रक उस समय भी खड़े नजर आये जब अधिकारी राज्यपाल के कार्यक्रम में पहुंचने के लिए गुजर रहे थे। उनके लौटते समय भी यही स्थिति रही। अधिकारियों को ओवरलोडिंग की अनदेखी करते हुए निकलना पड़ा लेकिन जो राहगीर उनके गुजरते काफिले के बीच ओवरलोडिंग का नजारा देख रहे थे वे अधिकारियों की बेवसी की मौज लेने से नही चूंके।






Leave a Reply