उरई। जिले के लिए नियुक्त शासन के नोडल अफसर डाॅ हरीओम ने सोमवार को जिला अस्पताल और महिला अस्पताल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उनके सामने डाॅक्टरों द्वारा प्राइवेट प्रैक्टिस का मुददा भी जोरशोर से उठा। हालांकि डाॅ. हरीओम का कहना था कि उपलब्ध संसाधनों में दोनों अस्पताल बेहतर काम करते दिख रहे हैं।
डाॅ. हरीओम का इरादा नगर पालिका कार्यालय के भी निरीक्षण का था लेकिन उन्होंने बाद में यह इरादा टाल दिया। समीक्षा बैठक शुरू होने के पहले वे महिला अस्पताल गये। दोनों ही अस्पताल के सीएमएस उनके निरीक्षण प्रोग्राम से अवगत थे जिसकी वजह से उनकी निगाह में किसी तरह की कमी न आ पाये इसका बंदोबस्त काफी हद तक कर लिया गया था। महिला अस्पताल में पैथोलोजिस्ट न होने की जानकारी उन्हें दी गई। जिस पर उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने निरीक्षण में अस्पताल के रजिस्टर उल्टे-पुल्टे। प्रसूताओं के रजिस्टर में नाम और पते अस्पष्ट दर्ज किये जाने को लेकर उन्होंने एक महिला चिकित्सक को फटकार लगाई।
इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अनुभवी सीएमएस डाॅ. वीवी आर्या ने उन्हीं मरीजों को आज वार्ड में रहने दिया था जो तोते की तरह पढ़ाये जा सकें। इसलिए मरीजों की ओर से तो कोई शिकायत नही की गई लेकिन पत्रकारों ने उनसे कहा कि बर्नवार्ड की हालत खराब है। आप इसे जरूर देखें। पहले नोडल अधिकारी ने इसकी हामी भर दी लेकिन बाद में यह कहकर मजाकिया लहजे में उन्होंने इसे टाल दिया कि मुझे तो ऐसी कोई तकलीफ नही है जिससे बर्नवार्ड के दर्शन करूं। प्रेस के लोगों को अगर कोई दिक्कत है तो आप इन्हें दिखाइये।
कैमरे के सामने उनसे जिला अस्पताल के डाॅक्टरों के प्राइवेट प्रैक्टिस में व्यस्त रहने और अस्पताल के मरीजों को देखने के लिए शिकमी डॅाक्टर छोड़ दिये जाने का जिक्र हुआ। डाॅ. हरीओम बोले मुझसे तो किसी ने ऐसी शिकायत नही की। अगर ऐसा है तो जांच कराकर कार्रवाई की जायेगी।





Leave a Reply