27orai01उरई। तू नालायक है, तू काम करना नही जानता। यह जिक्र किसी प्राइमरी पाठशाला में फिसडडी बच्चे को डांटते मास्टर साहब के बारे में नही है। बल्कि यह विकास भवन में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डाॅ. हरीओम की समीक्षा क्लास का आंखों देखा हाल है। जिसमें जल निगम के अधिशाषी अभियंता सुखलाल को कई किस्तों में उन्होंने इसी तरह के अलफाजों से नवाजा। यह दूसरी बात है कि इतनी लताड़ खाने के बावजूद सुखलाल का सुख चैन बैठक के आखिरी तक टस से मस नही दिखा।
तेज तर्रार सचिव माने जाने वाले डाॅ. हरीओम की समीक्षा बैठक को लेकर जिले के सारे अधिकारी बोर्ड के परीक्षार्थी की तरह तैयारी करने में पसीना-पसीना थे। लेकिन दूसरी ओर जल निगम के अधिशाषी अभियंता ने जिस बेफिक्री के साथ उनकी बैठक को ट्रीट किया उसका नमूना देखकर डाॅ. हरीओम ही नही डीएम समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी अचंभे में पड़ गये। शुरूआत समीक्षा बैठक के लिए तैयार की गई बुकलेट में जल निगम की प्रगति रिपोर्ट में दर्ज उटपटांग ब्योरे से हुई। अधिशाषी अभियंता ने जिन परियोजनाओं को कंपलीट बताया रिपोर्ट में दर्ज था कि उन पर काम चल रहा है। डाॅ. हरीओम ने पूंछा कि यह क्या माजरा है तो अधिशाषी अभियंता बुकलेट के पन्ने पलटने लगे। पहले उन्होंने सफाई दी कि प्रगति रिपोर्ट को उनकी छुटटी के समय विभाग के सहायक अभियंता ने तैयार करके डीएसटीओ को भिजवा दिया था। जिसकी वजह से यह गड़बड़ी हो गई। हैरत में पड़े डाॅ. हरीओम ने कहा कि ये आपके विभाग में कैसे काम चल रहा है। आपके एई ने गलत रिपोर्ट तैयार कर दी, इसके बाद उस पर आपके हस्ताक्षर कर दिये, मुहर लगा दी यह कैसे संभव है। अधिशाषी अभियंता के पास इसका कोई जबाव नही था। बात आई गई होने वाली थी कि कुछ ही देर बाद अधिशाषी अभियंता फिर खड़े हो गये। जैसे उन्हें कुछ इलहाम हुआ हो। बोले सर बुकलेट में पिछले वर्ष की रिपोर्ट शामिल हो गई है। अब तो स्वाभाविक रूप से डाॅ. हरीओम का धैर्य जबाव दे गया और उन्होंने अधिशाषी अभियंता को उन शब्दों में जलील करना शुरू कर दिया जिन्हें आजकल बच्चों को डांटने में भी इस्तेमाल नही किया जाता। लेकिन बात यहीं खत्म नही हो गई। लोहिया समग्र ग्रामों की पेयजल योजनाओं की चर्चा चली तो पहले जल निगम के अधिशाषी अभियंता ने कुछ आंकड़े दिये लेकिन इसके बाद अचानक बोले कि ग्रामों की पेयजल परियोजनाओं के बारे में उनका विभाग कैसे बता सकता है। यह जानकारी तो पंचायती राज विभाग दे पायेगा। यही बात उन्होंने कितने ग्रामों में हैण्डपंप खराब हैं यह पूंछे जाने पर कह दी। इसके बाद तो डाॅ. हरीओम हत्थे से उखड़ गये। उन्होंने डीएम से कहा कि आप 400 हैंडपंप रीबोर कराये जाने की जानकारी दे रहीं हैं लेकिन इन्होंने एक भी नही कराया होगा। आप सत्यापन करायें तांकि वस्तुस्थिति की जानकारी हो सके। उन्होंने कहा कि जिले में 2500 हैंडपंप खराब होने की आप जानकारी दे रहीं हैं लेकिन अगर जल निगम की जानकारी पर विश्वास किया जाये तो इन्हें 400 हैंडपंप रीबोर कराने में चार महीने लग गये। इस स्पीड में 2500 हैंडपंपों के लिए कितना टाइम ले लेंगे यह सोचने वाली बात है। डाॅ. हरीओम ने बेलाग कहा कि इनसे ठेकेदारों की सूची लें इन्होंने एक भी हैंडपंप रीबोर नही कराया होगा। यह काम नही कराते केवल बजट हड़पते हैं। एक ओर डाॅ. हरीओम गुस्से से लाल-पीले हुए जा रहे थे दूसरी ओर जल निगम के अधिशाषी अभियंता सुखलाल ने चिकने घड़े को भी मात करने वाली शांति का परिचय देकर अन्य अधिकारियों को अचरज में डाल दिया।
बैठक में उरई से जालौन तक बन रहे फोरलेन की प्रगति की भी चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि वन विभाग द्वारा पेड़ कटवानें में की जा रही देरी की वजह से कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर उन्होंने डीएफओ भीमसेन को जबाव देने के लिए कहा। तो पता चला कि भीमसेन झांसी में किसी बैठक में गये हैं। उनकी जगह एसडीओ आये हैं। डाॅ. हरीओम ने कहा कि वह एसडीओ से कोई बात नही करेंगे। भीमसेन की बेअदबी के लिए उनके खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश उन्होंने दिये। बैठक में जिलाधिकारी संदीप कौर, मुख्य विकास अधिकारी एसपी सिंह, जिला विकास अधिकारी आरएस गौतम और लगभग सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित थे।

Leave a Reply