उरई। नौ दिन चले अढ़ाई कोस के मुहावरे को पीछे छोड़ने की होड़ में जल निगम सीएनडीएस लहरियापुरवा में निर्माणाधीन स्लम काॅलोनी को आठ वर्षों में भी पूरा नही कर पाई है। 288 कुल आवासों में 60 आवासों का कार्य अभी भी बकाया है। निरीक्षण के लिए पहुंचे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डाॅ. हरीओम से जब ठेकेदार ने कहा कि सर अगस्त तक सारे आवास कंपलीट हो जायेंगे तो उन्होंने कहा क्यों झूठ बोलते हो। तुम्हारे काम की रफ्तार से तो लगता है कि यह साल पूरी होने तक भी आवास कंपलीट हो पाना मुश्किल है।
जिले के लिए शासन के नोडल अफसर डाॅ हरीओम ने मंगलवार को दूसरे दिन भी जिले में अपना ताबड़तोड़ दौरा जारी रखा। डूडा की लहरियापुरवा में निर्माणाधीन काॅलोनी का निरीक्षण करते हुए डाॅ. हरीओम वहां पड़े सरियों को देखकर चैंक गये। उन्होंने कहा कि पतंग की तरह के इन सरियों से कितने मजबूत मकान बने होंगे। ठेकेदार ने सफाई दी कि स्टीमेट में आठ एमएम का सरिया लिखा था और यह इतना ही मोटा सरिया है। डाॅ. हरीओम ने उसे लफ्फाजी न करने की हिदायत देते हुए कहा कि यह आठ एमएम का सरिया भी नही है आप लोग धन्य हैं। इसके बाद उन्होंने अपने साथ आई तकनीकी टीम से कहा कि तुम जाकर फ्लैटों को अंदर से देख लो जो कमियां हों पूरी करा दो। मैने अगर अंदर देखा तो मुझे इन लोगों के खिलाफ एक्शन लेना पड़ जायेगा।
इसके पहले डाॅ. हरीओम ने नगर पालिका कार्यालय का निरीक्षण किया। जहां खामियों का अंबार देखकर उनका गुस्सा भड़क गया। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने वाले पटल के बाबू और कम्प्यूटर आॅपरेटर के खिलाफ कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया।
बाद में जालौन जाते हुए उन्होंने कुकरगांव के पुल के एप्रोच रोड का निरीक्षण किया और लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को सही तरीके से काम न करने के लिए फटकार लगाई।






Leave a Reply