उरई। विधानसभा चुनाव में सुगम मतदान के लिए मतदान केंद्रों और बूथों की सही व्यवस्था की कवायद जारी है। मंगलवार को इस सिलसिले में जिलाधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बार फिर बैठक की। इसमें जीर्णशीर्ण होने के आधार पर मतदान केंद्रों के परिवर्तित भवनों की संख्या बढ़ाकर 32 कर दी गई है।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने बैठक में बताया कि राजनीतिक नेताओं और प्रशासनिक सर्वें से मिले फीडबैक के आधार पर पिछले चुनाव में जिन भवनों में मतदान केंद्र बनाये गये थे अगर उनकी स्थिति जर्जर हो गई है तो चुनाव आयोग के निर्देशानुसार उन्हें बदला जा रहा है। इस क्रम में माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत माधौगढ़ तहसील में 6, कोंच तहसील में 1, कालपी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जालौन तहसील में 2, कालपी तहसील में 8, इसी तरह उरई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत उरई तहसील में 10, जालौन तहसील में 2 और कोंच तहसील में 3 पुराने मतदान भवन निरस्त कर दिये गये हैं और उनकी जगह नये भवन तय कर दिये गये हैं।
जिलाधिकारी ने बताया है कि जिस बूथ पर मतदाताओं की संख्या डेढ़ हजार से अधिक हो गई है वहां अतिरिक्त बूथ सृजित करने का फैसला लिया गया है। इस क्रम में माधौगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 3 और कालपी विधानसभा क्षेत्र में 2 बूथ बढ़ाये गये हैं जबकि उरई विधानसभा क्षेत्र में बूथ बढ़ाने की कोई आवश्यकता सामने नही आ सकी। इसके साथ ही जिन इलाकों की दूरी अपने मतदान केंद्रों से 2 किलोमीटर से अधिक है उन इलाकों के मतदाताओं के लिए नये मतदान केंद्र खोलने का फैसला लिया गया है। इस मानक के तहत माधौगढ़ क्षेत्र में 1, कालपी क्षेत्र में शून्य और उरई विधानसभा क्षेत्र में 3 मतदान केंद्र बनाये गये।
इस दौरान सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, सभी उपजिलाधिकारी, कालपी क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि सुरेंद्र सिंह सरसेला मुख्य रूप से उपस्थित रहे।






Leave a Reply