जालौन-उरई। ईद के पहले पीस कमेटी की बैठक कोतवाली में आयोजित हुई जिसमे सदर विधायक दयाशंकर वर्मा की मौजूदगी उल्लेखनीय रही। पुलिस उपाधीक्षक कुलदीप सिंह और तहसीलदार सतीश कुमार वर्मा ने इसमें रोजेदारों व अन्य गणमान्यों की त्योहार को गरिमा के साथ मनाने के लिए सम्मतियों को सुना और उनके अनरूप व्यवस्थायें करने का आश्वासन भी दिया। अधिकारियों को ध्वस्त विद्युत व्यवस्था की वजह से बैठक में लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
उपस्थित गणमान्यों ने कहा कि अंधाधुंध कटौती की वजह से रोजेदारों को इस बार भारी कठिनाई झेलनी पड़ी। जबकि बिजली विभाग के अभियंताओं को अच्छी तरह से अंदाजा रहा होगा कि जून के तपते मौसम में रोजेदारों को कितने मुश्किल हालातों से गुजरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि अगर कोई ऊपर से कमी थी तो एसडीओ को काॅल रिसीव करके वस्तुस्थिति बताने में क्यों तकलीफ हो रही थी। नगर में सड़कों पर घूमते गंदे जानवरों को रंगों द्वारा चिन्हित करने का प्रस्ताव रखा गया। जिस पर अधिकारियों ने सफाई निरीक्षक सुरेश यादव को इस प्रस्ताव पर काम करने की सलाह दी।
रमजान और ईंद के समय मस्जिदों के आसपास मुख्य सड़कों पर सफाई व पेयजल आपूर्ति सुधारने की बात भी कही गई। कानून व्यवस्था के संबंध में सतर्कता बरतने के लिए भी लोगों ने पुलिस का ध्यानाकर्षित किया। बैठक में मौजूद कोतवाल जयप्रकाश यादव ने माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता मधुप्रकाश श्रीवास्तव, अहमद राईन, ब्लाॅक प्रमुख तिलक जाटव, थोपन यादव, सभासद शाकिर हसन, दीपू त्रिपाठी, अनिल याज्ञिक, संजय निरंजन, अभिषेक कुमार, सपा के नगर अध्यक्ष इकबाल मंसूरी, रमाकांत निरंजन, ललित शुक्ला, पप्पू चैहान, हरिश्चंद्र यादव आदि लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन गजराज कुशवाहा ने किया।






Leave a Reply