उरई। कोतवाली के सामने मिटटी का तेल डालकर आत्मदाह करने वाले सुदेश की मौत के मामले में पुलिस ने मंगलवार को मोहल्ला तिलक नगर निवासी रज्जन नाई को गिरफ्तार कर लिया। यह मामला खुद पुलिस की गले की हडडी बन गया था। जिसकी वजह से पुलिस ने रज्जन की गिरफ्तारी के लिए एड़ीचोटी का जोर लगा रखा था।
बताया गया है कि रज्जन ने जिला परिषद मार्केट की तीन दुकानों पर कब्जा जमा रखा था। जिनमें मृतक सुदेश को आवंटित दुकान भी शामिल थी। मिशन स्कूल के किनारे टट्र लगी दुकानों से भी रज्जन नाई हफ्ता वसूल करता था। लेकिन उसकी दबंगई पर कानून के रखवालों की निगाह तब तक नही पड़ी जब तक कि इसके भुक्त भोगी सुदेश ने कोतवाली के सामने आत्मदाह नही कर लिया। इस घटना से पूरे पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कहीं इसके कारण खुद की नौकरी न फंस जाये इसीलिए पुलिस अधिकारियों ने बाद में सुदेश केे परिजनों को फुसलाने के लिए कड़ी मशक्कत की और रज्जन के खिलाफ आत्मदाह के लिए दुष्प्रेरित करने का मुकदमा भी आनन-फानन में दर्ज कर लिया। इसके बावजूद सुदेश के परिजन कोतवाल और अन्य पुलिस अफसरों पर उंगली उठाने से बाज नही आ रहे थे। मामले के तूल पकड़ने के अंदेशे से घबराई कोतवाली पुलिस ने इसी कारण आज रज्जन को गिरफ्तार करने में असाधारण फुर्ती दिखाई। उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है। पुलिस के विचार में इसके बाद यह मामला अब रफादफा हो जायेगा।






Leave a Reply