0 मामला विरगुवां खुर्द में राशन सामग्री नहीं बांटने का
konch1कोंच-उरई। विकास खंड कोंच के ग्राम विरगुवां खुर्द में कोटेदार की मनमानी का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत है कि कोटेदार राशन सामग्री का वितरण नहीं करके सरकारी योजनाओं में पलीता लगा रहा है और गरीब जनता को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस आशय की शिकायत आज गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने एसडीएम से की जिस पर एसडीएम ने एआरओ को मामले की जांच करने की कड़ी ताकीद की है कि या तो कोटेदार गांव में जाकर राशन सामग्री बांटना सुनिश्चित करे अन्यथा उसका कोटा निरस्त कर दूसरा कोटा खुली बैठक करके आवंटित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करायें।
मंगलवार को गांव विरगुवां खुर्द के संतोष कुमार, नबाबखां, सुरेश, रामेश्वर, रामेन्द्र, रामनारायण, पूर्व प्रधान प्रेमनारायण, राधेश्याम, गोविंदसिंह, मोहनसिंह, मनोज आदि दर्जनों ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान संतोष की अगुवाई में एसडीएम गोरेलाल शुक्ला से मुलाकात की और शिकायती पत्र देकर कहा कि गांव का कोटा बसोब गांव के कोटेदार के यहां अटैच है लेकिन ग्रामवासी पांच किमी चल कर बसोब तक राशन सामग्री लेने नहीं जा पाते हैं। एसडीएम ने 20 मई को एक आदेश पारित किया था जिसमें कोटेदार लक्ष्मीनारायण को साफतौर पर निर्देशित किया गया था कि वह ग्राम विरगुवां खुर्द में ही जाकर सार्वजनिक स्थान पर राशन सामग्री का वितरण करेगा। इन आदेशों के बाबजूद कोटेदार की मनमानी जारी है और वह राशन सामग्री बांटने नहीं आता है। ग्रामीणों की अगर मानें तो कोटेदार का कहना है कि वह ऐसे आदेश मानने के लिये बाध्य नहीं है। कोटेदार द्वारा इस माह का भी वितरण नहीं किये जाने की भी शिकायत की गई है। एसडीएम ने एआरओ को निर्देश दिये हैं कि मामले की जांच करें और शिकायत यदि सही हो तो कोटा निलंबित की रिपोर्ट दें ताकि दूसरे की तैनाती का रास्ता साफ हो सके।

Leave a Reply