0 व्यवस्था सुचारू रखने की ताकीद की एसडीएम ने
0 बोले सीओ, सुअर सड़कों पर दिखे तो खैर नहीं
कोंच-उरई। प्रमुख मुस्लिम पर्व रमजान और ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन चैकन्ना है, प्रशासन की कोशिश है कि इस दौरान लोगों को पर्याप्त और निर्वाध बिजली पानी की आपूर्ति मिलती रही। इसी के मद्देनजर मंगलवार को प्रशासन ने विद्युत विभाग, जल संस्थान और नगर पालिका की बैठक बुलाई जिसमें अधिकारियों ने सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां बताते हुये यह भी जता दिया है कि बहानेबाजी कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी बल्कि इन दिनों में उन्हें अपनी जो भी तैयारी करनी हो कर लें और पब्लिक को उतनी आपूर्ति देना सुनिश्चित करें जितनी उनके रोस्टर में है। उन्होंने पालिका को भी कड़ी चेतावनी दी है कि सड़कों पर सुअरों का घूमना हर हाल में बंद करायें अन्यथा की स्थिति में शासन को रिपोर्ट भेजनी पड़ेगी।
एसडीएम गोरेलाल शुक्ला की अध्यक्षता और सीओ अवधेश कुमार शुक्ल की मौजूदगी में मंगलवार को एसडीएम के चैंबर में आहूत बैठक में एसडीओ विद्युत विकास सोनी, जेई जल संस्थान एससी सचान, पालिका से जीवनलाल बाल्मीकि और कोतवाली के एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा मौजूद थे। एसडीएम ने बिजली और पानी वाले विभागों को उनकी व्यवस्थाओं का आइना दिखाते हुये कहा कि इन विभागों की खामियों के प्रति जनता के गुस्से को उन्हें शांत करना होता है, यह स्थिति ठीक नहीं है। बिजली आपूर्ति की कोई समय सीमा निश्चित नहीं होने के कारण भुगतना जनता को पड़ता है, लेकिन रमजान और ईद के इस त्योहार पर यह स्थिति कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी। बिजली नहीं आने को लेकर किसी भी प्रकार की बहानेबाजी बिल्कुल नहीं चलेगी। अगर जनता को परेशान किया गया तो उनके खिलाफ बिना किसी मुरौव्वत के शासन को रिपोर्ट भेज दी जायेगी। लब्बोलुआब यह कि त्योहार पर पर्याप्त बिजली पानी चाहिये। यह कैसे संभव हो इसकी जिम्मेदारी विभागों की है कि वे अपनी तैयारी रखें। सीओ शुक्ल ने नगर पालिका की क्लास तगड़े से लगाई, कहा कि नगर में सैकड़ों की संख्या में घूम रहे आवारा सुअरों को तत्काल पाबंद करें और ध्यान रखें कि सड़कों पर यह जानवर दिखाई न दे। उन्होंने बैठक में ईओ की गैरमौजूदगी पर भी कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने यह भी कहा कि कल से ही नगर पालिका का ट्रैक्टर शहर में घूमते रहना चाहिये और जहां भी सुअर मिलें, पकड़ कर जंगल में छुड़वा दो। उन्होंने यह भी कहा कि संज्ञान में आये कस्बे के 46 सुअर पालकों को पुलिस की ओर से नोटिसें भी भेजी जा रहीं हैं।
सुअर पालकों को 31 पुलिस एक्ट के नोटिस भेजे गये
लगभग हर त्योहार चाहे वह हिंदुओं के हों या फिर मुसलमानों के, सुअरों का शहर में स्वच्छंद विचरण इन त्योहारों का सारा मजा किरकिरा कर देता है। हर दफा सुअर पालकों को ताकीद की जाती है कि अपने जानवर बाड़ों में बंद रखें लेकिन इन आदेशों पर अमल होते कभी नहीं देखा गया। अबकी दफी फिर एक बार प्रशासन इस कवायद में जुटा है कि किसी भी तरह सुअरों पर पाबंदी लग सके। कोतवाल मनवीर सिंह ने माना कि इन सुअरों की बजह से तमाम समस्यायें पैदा होती हैं और कानून व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। उन्होंने बताया है कि कस्बे के सभी सुअर पालकों जिसमें भगतसिंह नगर में 13, मालवीय नगर में 2, प्रताप नगर में 7, गांधी नगर में 17, गोखले नगर में 3 और तिलक नगर में 4 लोगों को 31 पुलिस एक्ट के तहत नोटिस भेजे जा रहे हैं। अगर इन नोटिसों का उल्लंघन किया तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जायेगी।






Leave a Reply