उरई। जल निगम ने झूठ बोलने की इंतहा कर दी है। उसके कागज 400 ठप्प हैंडपंप रीबोर होने की गाथा सुना रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि एक भी खराब हैंडपंप के जीवनदान का सबूत तलाशना मुश्किल हो रहा है। यहां तक कि बच्चों के स्कूल का हैंडपंप तक ठीक कराने की जहमत जल निगम नही उठा सका है।
कदौरा ब्लाक के ग्राम कुआंखेड़ा के प्राइमरी स्कूल का हैंडपंप एक अरसे से खराब है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बीएसए के जरिये इसकी सूचना जल निगम तक पहुंचा दी थी। उम्मीद यह थी कि मामला बच्चों का होने की वजह से जल निगम यहां के हैंडपंप को रीबोर कराने में कोई कोताही नहीं बरतेगा लेकिन जल निगम के अभियन्ताओं को क्या बच्चें क्या बूढ़े शायद किसी से कोई लेना देना नहीं है। इसलिए उन्होंने स्कूल के हैंडपंप को नजर अंदाज कर दिया। गांव में दूसरे तमाम हैंडपंप भी रीबोर के लिए लंबित है लेकिन उनकी तो वे क्यों सुनते।
इसी बीच लाल सिंह, शिरोमणि, सरजू देवी, अवधेश कुमार शुक्ला, सुरेश, गोविंद आदि ने बुधवार को जिला मुख्यालय पर आकर जिलाधिकारी संदीप कौर को गांव के अधिकांश हैंडपंप ठप हो जाने की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने जल निगम की खराब हैंडपंपों की सूची तक तैयार करने मेें लापरवाही को लेकर नाराजगी जतायी। उन्होंने जल निगम को कुआंखेड़ा के सारे ठप हैंडपंप रीबोर कराने के लिए निर्देशित किया।

Leave a Reply