उरई। एक ही परिवार में चार बच्चों के विकलांग हो जाने से पहाड़ टूट पड़ा। उस पर भी तुर्रा यह है कि परिवार गरीबी की मार से सिसक रहा है। जाहिर है कि जिनके पास अपने खाने तक को लाले पड़े हों। उनके पास इलाज कराने का खर्चा कहां से आये। फिर भी हर बच्चे के मां-बाप की तरह इन बच्चों के माता-पिता ने भी पेट काटकर इनका इलाज कराने की कोशिश की पर कोई फायदा नही हुआ। इलाज के खर्चें में वे टूट अलग गये। आज चारों बच्चों को साथ लेकर जब इनके माता-पिता जिलाधिकारी संदीप कौर के सामने पेश हुए तो उनकी आंखें नम हुए बिना नहीं रहीं। उनकी व्यथा सुनने के बाद डीएम ने उन्हें 5 हजार रुपये की नगद व्यक्तिगत सहायता देने के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का आदेश भी जारी कर दिया।
रामपुरा थाने के गोराचिरइया निवासी सुशील कुमार के बच्चे अचानक रहस्यमयी बीमारी से ग्रसित हो गये। शुरूआत के दो बच्चे तो तीन-चार साल की उमर तक खूब पइयां-पइयां चले लेकिन इसके बाद उनके पैर तुड़मुड गये। इसके बाद एक बच्चा पैदा होने के कुछ ही दिन बाद विकलांग हो गया। जबकि चैथा बच्चा विकलांग ही पैदा हुआ।
सुशील ने अपनी पत्नी के साथ बच्चों पर मड़राये अभिशाप के साये का कारण जानने के लिए डाॅक्टरों से संपर्क किया लेकिन वे भरपूर फीस वसूलने के बावजूद न तो बच्चों का इलाज कर पाये और न ही उनके विकलांग होने की कोई तार्किक वजह बता पाये। सुशील कुमार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। उन्हें बटवारे में पुस्तैनी मकान का कच्चा हिस्सा मिला था। जिसकी छत बाद में गिर गई। एक ओर बच्चों की यह हालत दूसरी ओर आश्रय के नाम पर छत तक का इंतजाम नही। पसीज कर छोटे भाई ने उन्हें अपने यहां शरण दी। जीविका के नाम पर सुशील के पास केवल दो बीघा खेती है। फिर भी आज तक उन्हें कोई सरकारी सहायता नही मिली। विकलांग बच्चों के शौच की समस्या को देखते हुए उन्होंने शौचालय मंजूर कराने के लिए पंचायत सचिव को रुपये दे दिये थे लेकिन शायद वह कफन खसोट मानसिकता की वजह से उनका भी रुपया हजम कर गया। जागरूक न होने के कारण सुशील इतनी विपत्ति के बावजूद किसी अधिकारी या नेता के सामने आज तक नही गया था। गांव के भले लोगों ने जब उसकी दशा देखी तो आज वे उसे किसी तरह से जिला मुख्यालय पर ले आये।
यह उनके हित में काफी ठीक हुआ। सुशील और उसकी पत्नी की व्यथा कथा सुनने और बच्चों को देखने के बाद दयाद्र हुईं जिलाधिकारी संदीप कौर ने उनको पांच हजार रुपये नगद की सहायता अपनी ओर से दी साथ ही लोहिया आवास और अंत्योदय कार्ड की स्वीकृति का भी आदेश उनके प्रार्थना पत्र पर अंकित कर दिया। जिलाधिकारी के इस उपकार पर सुशील और उसके परिवार के ही नही उपस्थित अन्य फरियादियों व गणमान्यों के आंसू भी भावुक होकर छलक पड़े।






Leave a Reply