कोतवाली के सभी दरोगा और सिपाही पशु चिकित्सक के साथ मौके पर पहुंचे
कोंच। आज दोपहर कोतवाली पुलिस को खबर मिली कि ब्लॉक कार्यालय से पहले रिलायंस ऑफिस के सामने एक गाय पर किसी ने एसिड अटैक किया है और गाय बुरी तरह तड़प रही है। इस खबर से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और दो गाडिय़ों तथा बाईकों से पूरा अमला पशु चिकित्सक के साथ मौके पर नजर आया। हालांकि पशु चिकित्सक के यह बताने पर कि गाय की खाल भले ही कई जगह से उधड़ गई है लेकिन ये हमला तेजाब का नहीं है। डॉक्टर की बात सुन कर पुलिस की सांसें सामान्य हो पाईं। बाद में इलाकाई लोगों ने बताया कि दो दिन पूर्व यह गाय यहां आई थी तभी से यहां पड़ी है, गाय की चिकित्सा भी शुरू करा दी गई है।
नदीगांव रोड स्थित रिलायंस ऑफिस के ठीक सामने दो दिन पूर्व एक गाय अस्त व्यस्त हालत में आ गई थी और तभी से वहां बेसुध हालत में पड़ी है। उसके शरीर की खाल कई जगह से उधड़ी पड़ी है और शरीर पर जख्मों की भरमार थी। आज कोतवाली पुलिस को खबर मिली कि किसी ने गाय पर तेजाब से हमला कर दिया है। इस खबर से पुलिस के हाथपांव फूल गये और आनन फानन कोतवाल मनवीर सिंह, एसएसआई विनोदकुमार मिश्रा, सागर चौकी इंचार्ज रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, खेड़ा चौकी इंचार्ज राजवीर सिंह, दरोगा राजेन्द्रप्रसाद दुवे, विनोदकुमार त्रिपाठी, कोबरा के सिपाही बच्चाबाबू, स्वदेश, राजाभैया, रामवीर सहित कोतवाली का पूरा अमला जमला मौके पर पहुंच गया। पुलिस अपने साथ पशु चिकित्सक डॉ. यशवंतसिंह व उनके सहयोगी मुकेशकुमार को लेकर भी पहुंची थी। बेसुध पड़ी गाय को देख कर डॉक्टर ने जब यह तस्दीक की कि यह तेजाबी हमला नहीं है बल्कि किसी उल्टी सीधी चीज खा लेने का रियेक्शन हो सकता है। डॉक्टर की बात सुन कर पुलिस रिलेक्स हो पाई। इसके बाद गाय का उपचार शुरू करा दिया गया है और पशु चिकित्सक से कह दिया गया है कि रोजाना इसकी मरहम पट्टी और समुचित इलाज होता रहे। यह खबर कस्बे में भी फैल गई जिसके चलते आरएसएस के नगर कार्यवाह शैलेष सोनी, गोभक्त सुशील दूरवार मिरकू, आशुतोष रावत सहित तमाम कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गये थे जो गाय की सेवा में लग गये।






Leave a Reply