सर्किल अफसर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने नापी नगर की गलियां
ईद और जुमा अलविदा के पूर्व शांति व्यवस्था बनाये रखने की कवायद
कोंच। कोंच कोतवाली पुलिस ने बीती शाम सीओ एके शुक्ल के नेतृत्व में नगर के मुस्लिम बहुल इलाकों मुहल्ला भगतसिंह नगर, आराजी लेन, कसाई मंडी, आजाद नगर में पैदल मार्च किया। यह मार्च तकरीबन रोज ही कोतवाली पुलिस निकाल रही है जिसके पीछे मकसद ईद और जुमा अलविदा जैसे त्योहारों पर अमन चैन कायम रहे और शरारती तत्वों की हवा शंट की जा सके। पुलिस की इस फुट पैट्रोलिंग से जहां शरारती तत्व भयभीत नजर आये, वहीं संभ्रांतजनों ने पुलिस की सराहना की है।
सप्ताहांत में पडऩे बाली ईद-उल-फितर और दो दिन बाद पडऩे बाले जुमा अलविदा को लेकर प्रशासन संजीदगी के साथ होम वर्क में जुटा है ताकि इलाके में शांति का माहौल बना रहे और यह त्योहार भाईचारे के माहौल में निपट जायें। प्रशासन की इस कवायद का नजारा लगभग रोज ही फुट पैट्रोलिंग के रूप में सामने आ रहा है। बीती शाम भी सर्किल अफसर पुलिस अवधेश कुमार शुक्ल की अगुवाई में कोतवाली पुलिस के कई दरोगा और सिपाही सड़कें व गलियां नापते नजर आये। सीओ शुक्ल का कहना है कि पुलिस जनता को पूरी तरह से आश्वस्त करना चाहती है कि अमन चैन कायम रखने के लिये वह पूरी तरह सन्नद्घ है और अगर पब्लिक के लोगों को किसी अप्रिय घटने की आशंका हो तो वह प्रशासन के साथ जरूर शेयर करे ताकि समय रहते उस आशंका को निर्मूल बनाया जा सके। नगर मे हो रही फुट पैट्रोलिंग का जनता में भी अच्छा संदेश जा रहा है। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक अवधेश कुमार शुक्ल, कोतवाल मनवीर सिंह, एसएसआई विनोद कुमार मिश्रा सिपाही राजाभैया, सुरेश कुमार आदि शामिल रहे। इधर, 1 जुलाई की जुमा अलविदा की नमाज को लेकर भी सभी इबादतगाहों पर पुलिस के पुख्ता इंतजाम का खाका भी पुलिस ने तैयार कर लिया है। बताया गया है कि कस्बे में तेरह जगह नमाज पढी जायेगी और सभी मस्जिदों पर एक एक दरोगा और दो दो सिपाहियों की तैनाती की जायेगी।






Leave a Reply