0 जुमा अलविदा की नमाज के लिये मस्जिदों में जुटे हजारों रोजेदार
कोंच-उरई। रमजान के मुबारक माह में ईद से पहले आज जुमा अलविदा की नमाज नगर व क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों में अता की गई। मुल्क और अवाम की खैरियत के लिये हजारों हाथ आज खुदा की बारगाह में उठे और दुआ मांगी। पालिका की ओर से सभी मस्जिदों के आसपास साफ सफाई के माकूल इंतजाम किये गये थे। प्रशासन भी जुमा अलविदा की नमाज को लेकर खासा चैकन्ना दिखा और हर मस्जिद पर सुरक्षा के उम्दा बंदोबस्त किये गये थे। नगर की तेरह मस्जिदों में जुमा अलविदा की नमाज पढी गई।
ईद से पहले और रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज को लेकर रोजेदारों में खासा उत्साह देखने को मिला, सभी रोजेदार वक्त से इबादतगाहों में पहुंचने की जल्दी में दिखे। तयशुदा समय पर सभी मस्जिदों में जुमे की नमाज अता फरमाई गई। रोजेदारों ने अमन चैन की दुआ मांगी। जुमा अलविदा के महत्व के बारे में शहर काजी बशीरउद्दीन बताते हैं कि जुमा अलविदा का बिशेष महत्व है और साल भर में जितने भी जुमे होते हैं, जुमा अलविदा उनका सरदार माना गया है। उन्होंने कहा कि इस रोज जो भी इंसान अपने गुनाहों से तौबा कर दुआ करता है उसकी दुआ अल्लाह तआला जरूर कबूल करते हैं। मस्जिद कुरैशियान, बड़ी अथाई बाली मस्जिद, आस्ताना-ए-कलंदरिया, जामा मस्जिद, तकिया खुर्रमशाह, पुरानी तहसील बाली मस्जिद, तिलकनगर में जरा बाले वकील साहब के पास वाली मस्जिद आदि में जुमा अलविदा की नमाज अता कराई। इस दौरान सभी मस्जिदों में सुरक्षा के तगड़े इंतजाम रहे, एसडीएम गोरेलाल शुक्ला व सीओ अवधेश कुमार शुक्ल ने सभी मस्जिदों में जाकर स्थिति का जायजा लिया। कोतवाल मनवीर सिंह, एसएसआई विनोदकुमार मिश्रा, दरोगा रवीन्द्र त्रिपाठी, राजवीर सिंह, विनोदकुमार त्रिपाठी, जयवीर सिंह, राजेन्द्रप्रसाद दुवे आदि विभिन्न मस्जिदों में फोर्स के साथ मौजूद रहे। सपा जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव ने अपने समर्थकों के साथ मस्जिदों में जाकर रोजेदारों को जुमा अलविदा की मुबारकबाद दी। पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि विज्ञान विशारद सीरौठिया के निर्देश पर सेनेट्री इंसपेक्टर अभयसिंह की देखरेख में सभी मस्जिदों के आसपास सफाई की माकूल व्यवस्था कराई गई थी और चूना डाल कर आकर्षक बनाया गया था। नमाज सकुशल निपट जाने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने जिला प्रशासन को अमन चैन की रिपोर्ट दी। नमाज के लिये पीएसी की झांसी स्थित 33वीं बटालियन के जवान भी लगाये गये थे।





Leave a Reply