उरई। पूर्व सांसद और भारतीय जनता पार्टी के नेता गंगाचरण राजपूत को बालू माफियाओं से जान का खतरा सता रहा है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाईकोर्ट में अवैध बालू खनन के खिलाफ जनहित याचिका दायर की थी जिसकी वजह से माफिया उन्हें व उनके परिवार के लोगों को जान से मारने का कुचक्र रच रहे हैं। उन्होंने इसे देखते हुए मुख्यमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री से उनकी व उनके भाई ओमप्रकाश राजपूत और गिरिजा चरण राजपूत तथा पुत्रों अखिल राजपूत और बृजभूषण राजपूत के लिए वाई श्रेणी सुरक्षा की गुहार लगाई।
गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने हाल ही में एक जनहित याचिका पर सीबीआई को बुंदेलखंड में हो रहे अवैध खनन की जांच के लिए आदेशित किया है। गंगाचरण राजपूत ने बताया कि उन्होंने भी इसी तरह की याचिका हाईकोर्ट में दायर कर रखी है जिसमें अवैध खनन रोकने के लिए कड़ा आदेश पारित हुआ है। राजपूत ने कहा कि इससे खनन माफिया उनसे इस कदर नाराज हैं कि उनकी हत्या तक की योजना बना रहे हैं। इसलिए सरकार वाई श्रेणी सुरक्षा देकर उनकी व उनके परिवारजनों की जानमाल की रक्षा करे।
गंगाचरण राजपूत के साथ इस पत्रकार वार्ता में हाईकोर्ट में अवैध खनन पर याचिका दायर करने वाले उनके एक और साथी और शिक्षक नेता दिनेश प्रताप सिंह गौर भी थे। बाद में सवालों के जबाव में गंगाचरण ने साफगोई दिखाते हुए कहा कि खनन तो हर सरकार के समय हुआ है। भाजपा में भी खनन कराया जाता था लेकिन सिस्टम से। समाजवादी पार्टी में कोई सिस्टम नही है।





Leave a Reply